Report
बीजेपी नेता श्रीकांत की गिरफ्तारी से नाराज त्यागी समाज ने की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी घेरने की तैयारी
चार दिनों की मशक्कत के बाद मंगलवार को नोएडा पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के नेता श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया. हाल ही में श्रीकांत त्यागी ने नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में एक महिला के साथ गाली गलौज और दुर्व्यवहार किया था. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. मामला सामने आने के बाद त्यागी फरार हो गया, जिसके बाद नोएडा पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था.
वहीं दूसरी तरफ श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी और उनके घर पर हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद उनके समर्थन में पंचायतों का सिलसिला शुरू हो गया है. मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हापुड़, मुजफ्फरनगर और मेरठ में भी पंचायतें हुईं. यह सभी पंचायतें त्यागी समाज के द्वारा की जा रही हैं. मंगलवार को मेरठ के त्यागी ब्राह्मण छात्रावास (त्यागी हास्टल) में भी एक पंचायत हुई. इस पंचायत का आयोजन त्यागी पंत (पंच) सभा द्वारा किया गया.
पंचायत में श्रीकांत को पुलिस द्वारा पेशेवर अपराधी की तरह पेश करने, उनके घर पर चले बुलडोजर और श्रीकांत के परिवार को पुलिस द्वारा परेशान किए जाने का विरोध किया गया.
पंचायत के बाद मीडिया को संबोधित किया गया. मीडिया को संबोधित करते हुए त्यागी हॉस्टल के कार्यकारी सदस्य शेखर त्यागी ने कहा, "अगर इसी तरह से श्रीकांत त्यागी को प्रताड़ित किया जाएगा तो पश्चिमी यूपी का पूरा त्यागी समाज 1000 ट्रैक्टर ट्राली लेकर ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी का घेराव करेगा. छोटे से गाली गलौज के मामले में श्रीकांत त्यागी के परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है. श्रीकांत ने गाली देकर गलत किया, हमारा समाज इसका विरोध करता है. इसके लिए जो भी कानूनी कार्रवाई बनती है वह किया जाए, लेकिन श्रीकांत त्यागी के परिवार को प्रताड़ित करना गलत है.”
न्यूज़लॉन्ड्री से बात करते हुए शेखर त्यागी कहते हैं, “हमने मेरठ जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है. जिसमें हमने तीन मांगों को रखा है. पहला, श्रीकांत पर गाली देने के लिए जो कार्रवाई होनी चाहिए वो की जाए और जो उन पर गुंडा एक्ट के साथ जो धाराएं लगा दी गईं, उनको हटा दिया जाए.”
दूसरा, “कमिश्नर को गाली देने को लेकर महेश शर्मा पर भी कार्रवाई हो.”
तीसरा, “जो महिला थी, वो श्रीकांत त्यागी को यह बोल के उकसा रही थी कि मुझे टच करके दिखाओ. उस महिला पर भी उकसाने के आरोप में कार्रवाई हो. अगर कार्रवाई नहीं होती है तो देशभर का त्यागी समाज ओमेक्स सोसायटी का घेराव करेगा.”
पंचायत में शामिल भाजपा के फूलबाग मंडल उपाध्यक्ष शुभम त्यागी ने न्यूजलॉन्ड्री से बातचीत की. उन्होंने कहा, “अगर श्रीकांत त्यागी के खिलाफ लगे चार्ज वापस नहीं लिए गए, तो हम त्यागी समाज के 160-200 गांवों में जाएंगे और समाज के लोगों से आह्वान करेंगे. हम अपने ट्रैक्टर ट्राली लेकर ओमेक्स सिटी अपार्टमेंट को चारों तरफ से घेर कर धरना प्रदर्शन करेंगे. पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बैठकें लेकर निर्णय लिया जा रहा है. हम जल्द ही एक बड़ी बैठक करके ओमेक्स सिटी अपार्टमेंट को घेरने का काम करेंगे. श्रीकांत जी के साथ गलत हुआ है. हमारा समाज श्रीकांत जी की पत्नी और बच्चों के साथ खड़ा है.”
वे आगे कहते हैं, “भारतीय जनता पार्टी और नोएडा के सांसद महेश शर्मा ने त्यागी समाज को कलंकित करने का काम किया है. इसलिए हम महेश शर्मा के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करते हैं. भारतीय जनता पार्टी के लिए 10 साल से काम कर रहा हूं लेकिन मेरे लिए मेरा समाज सबसे पहले है. मेरठ में मेरे जैसे 150 से 200 त्यागी समाज के युवा भारतीय जनता पार्टी में काम करते हैं. हम सब एक मंच पर आकर भाजपा से इस्तीफा दे देंगे.”
न्यूज़लॉन्ड्री से बात करते हुए शेखर त्यागी ने बताया कि इस पंचायत में करीब 1000 लोग शामिल हुए. जिसमें त्यागी समाज की विभिन्न वर्गों जैसे कि डॉक्टर, शिक्षक, व्यापारी, नेता व समाजसेवा से जुड़े लोग भी शामिल हुए. पंचायत के दौरान पुलिस भी मौजूद रही.
वहीं पंचायत में शामिल विक्रांत त्यागी कहते हैं, “हम अगला कोई श्रीकांत त्यागी नहीं बनने देंगे. बहुत सह लिया. पहले है हमारी बिरादरी उसके बाद है पार्टी. मैं किठौर विधानसभा से भाजपा युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष हूं. हम मानते हैं श्रीकांत त्यागी ने गलत किया. गाली देने के लिए जो धारा लगती है वो धारा लगाई जानी चाहिए, लेकिन आपने उनको गैंगस्टर बना दिया और उनके घर पर बुलडोजर भी चला दिया. गाली तो महेश शर्मा ने भी दी है, उन पर तो कोई कार्रवाई नहीं हुई. एक तरफ तो भाजपा, हमारी पार्टी, नारा दे रही है कि पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ और दूसरी तरफ पेड़ को बचा रहे हैं तो मुकदमे भी लगाए जा रहे हैं. मीडिया भी त्यागी कौम को बदनाम कर रही है. कोई गाली देने से गैंगस्टर बन जाता है क्या? इनाम भी रख दिया 25 हजार का.”
विक्रांत आगे कहते हैं, “महेश शर्मा हमारी पार्टी के हैं लेकिन वो जिस तरह से बिरादरी को टार्गेट करवा रहे हैं, वो गलत है. हमारा पहले बिरादरी में जन्म हुआ, पार्टी में तो हम बाद में आए हैं. हम पार्टी में बिना रुके मेहनत करते हैं. जो पार्टी में ऊपर से नीतियां आती हैं उन्हें हम घर-घर पहुंचाते हैं. लेकिन हम पार्टी से कुछ नहीं लेते. हम महेश शर्मा के खिलाफ एफआईआर करेंगे. एक सांसद टीवी पर आ करके गाली दे रहा है, उससे बच्चों पर क्या प्रभाव पड़ेगा? उनकी गाली से हम आहत हुए हैं.”
बुलडोजर की कार्रवाई से आहत समाज
भाजपा के फूलबाग मंडल के उपाध्यक्ष शुभम कहते हैं, “बुलडोजर चलने से हम बहुत आहत हैं. बुलडोजर एक माफिया पर चलना चाहिए. किसी अवैध संपत्ति पर चलना चाहिए. बुलडोजर से किसी का छज्जा तोड़ने से कुछ नहीं होगा. हम बहुत खुश हैं कि सीएम योगी अच्छा काम कर रहे हैं. माफियाओं पर बुलडोजर चला रहे हैं. हमारा समाज पूरा खुश है, लेकिन हमारे घर पर ही अगर बुलडोजर चलेगा तो हम बहुत आहत होंगे.”
शुभम का दावा है कि पश्चिम यूपी के तमाम जिलों में त्यागी समाज की बैठकें हो रही हैं.
वहीं शेखर त्यागी कहते हैं, “बुलडोजर से श्रीकांत के घर का छज्जा तोड़ा जा रहा है. तालियां बजाकर मिठाई बांटी जा रही है जैसे श्रीकांत त्यागी कोई गैंगस्टर हो. हम यह बर्दाश्त नहीं कर सकते.”
इसी तरह से मुजफ्फरनगर की फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित त्यागी सभा भवन में भवन के अध्यक्ष हरिओम त्यागी ने पंचायत का आयोजन किया. तो वहीं दूसरी तरफ हापुड़ में त्यागी समाज के लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया.
गांवों में लगे बायकॉट बीजेपी के पोस्टर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में त्यागी बिरादरी भारतीय जनता पार्टी की पारंपरिक वोटर रही है. श्रीकांत त्यागी प्रकरण के बाद त्यागी समाज में भाजपा के खिलाफ खासी नाराजगी देखने को मिल रही है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के त्यागी बिरादरी के गांवों में बायकॉट बीजेपी के पोस्टर लगाने शुरू हो गए हैं. मुजफ्फरनगर के सोहंजनी तगान गांव के बाहर एक पोस्टर लगा है. इस पोस्टर पर लिखा है, "यह ऐतिहासिक गांव सोहंजनी तगान, त्यागियों का गांव है. बीजेपी नेताओं का इस गांव में प्रवेश बंद है. बॉयकॉट बीजेपी. हम सब की भूल कमल का फूल.”
सोशल मीडिया पर भी एक पोस्टर वायरल हो रही है. इस पोस्ट में त्यागी समाज से श्रीकांत त्यागी के सम्मान में, 13 अगस्त को सुबह 10 बजे मेरठ से नोएडा कूच करने का आह्वान किया जा रहा है. पोस्टर में लिखा है, "भाई श्रीकांत त्यागी के सम्मान में संपूर्ण त्यागी समाज मैदान में, चलो नोएडा. भाइयों से निवेदन है जो जिस माध्यम से आना चाहे आ सकते हैं.” इसके साथ ही पोस्टर पर ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो की फोटो भी छपी है. सबसे ऊपर श्रीकांत त्यागी की फोटो है. इसके साथ ही पोस्टर में एक नक्शा भी बना हुआ है जिसमें बताया गया है कि यह प्रस्तावित जुलूस, मेरठ की सुभारती यूनिवर्सिटी से शुरू होकर नोएडा तक जाएगा. हालांकि इस पोस्टर में किसी संगठन का नाम नहीं है.
इस मामले में हमने मेरठ जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष विमल शर्मा से भी बात की. विमल शर्मा ने बताया कि त्यागी समाज की पंचायत से उनका कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा, “बैठक में शामिल भाजपा नेताओं की जानकारी मेरे पास नहीं है. एक मंडल में कई उपाध्यक्ष होते हैं. पंचायत में शामिल लोगों के बयान से पार्टी का कोई संबंध नहीं है. अगर हमारी पार्टी का कोई नेता इस तरह की पंचायत में शामिल होता है तो हम उसे बाहर कर देंगे”
वहीं इस बाबत हमने नोएडा पुलिस कमिश्नर से बात करने की कोशिश की. कमिश्नर ऑफिस ने हमें बताया कि उन्हें इस पंचायत की कोई जानकारी नहीं है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार को एक महापंचायत गाजियाबाद के गोविंदपुर इलाके में प्रीतम फार्म हाउस में होने वाली थी, लेकिन पुलिस ने उसे रोक दिया. इसके बाद त्यागी समाज के सैकड़ों लोगों ने सड़क पर ही पंचायत की. पंचायत के बाद अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण महासभा ने गाजियाबाद एसएसपी आवास पर पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन दिया.
ज्ञापन देने वाले लोगों का कहना था, “श्रीकांत त्यागी के साथ ज्यादती हो रही है. श्रीकांत त्यागी को गैंगस्टर बता कर त्यागी समाज को बदनाम किया जा रहा है. अगर हमारी मांगें नहीं मानी जाती हैं तो हम उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे.”
Also Read
-
What this Diwali should teach the Indian retail investor
-
How a trust close to BJP got five elephants from Assam for Tamil Nadu temples
-
Censorship, arrests, internet shutdown, PR campaign: How Arunachal is trying to control the Siang dam narrative
-
Uttarakhand SIR: 2,700+ names deleted in Gadarpur on objections filed by poll officers after the deadline
-
Shrinking reach, silent bans: Inside Instagram’s surge in content restrictions